यूपीएससी के शताब्दी वर्ष पर जारी होगा स्मारक सिक्का

Follow Us

नयी दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी वर्ष पर सरकार 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेगी। केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना में बताया गया है कि यह सिक्का 99.9 प्रतिशत शुद्ध चांदी का होगा। इसका आकार वृत्ताकार और बाहरी व्यास 44 मिलीमीटर का होगा। सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा।


Read more:- विद्वानों के भरोसे नहीं बना सांसद, अंडरवर्ल्ड और रेड लाइट एरिया से मिले 92% वोट: नितिन गडकरी


स्मारक सिक्के के सामने के भाग पर अशोक स्तंभ का सिंह स्तंभ होगा जिसके नीचे “सत्यमेव जयते” उत्कीर्ण होगा। उसकी बाईं परिधि पर देवनागरी लिपि में “भारत” और दाईं परिधि पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में “इंडिया” लिखा होगा। सिंह स्तंभ शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक “₹” और अंतरराष्ट्रीय अंकों में “100” भी होगा। सिक्के के पिछले भाग पर बीचों-बीच संघ लोक सेवा आयोग के भवन का चित्र होगा।

ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में “संघ लोक सेवा आयोग” उत्कीर्ण होगा। निचली परिधि पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में “यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन” उत्कीर्ण होगा। चित्र के नीचे अंतरराष्ट्रीय अंकों में वर्ष “1926-2026” और देवनागरी लिपि में “शताब्दी वर्ष” उत्कीर्ण होगा। ब्रितानी शासन के दौरान 1919 के गवर्मेंट ऑफ इंडिया एक्ट और साल 1924 में ली आयोग की अनुशंसा के आधार पर 01 अक्टूबर 1926 को लोक सेवा आयोग का गठन किया गया था।


Read more:- 22 सितंबर को एकता नगर में राष्ट्रपति प्रदान करेंगी 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार


बाद में 01 अप्रैल 1937 को इसका नाम बदलकर संघीय लोक सेवा आयोग (फेडरल पब्लिक सर्विस कमीशन) कर दिया गया। आजादी के बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ ही इसे संघ लोक सेवा आयोग (यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन) का नाम मिला।