मुंबई। शाहरुख खान और रजनीकांत की अपकमिंग फिल्मों को लेकर खूब चर्चा हो रही है। खबर थी कि शाहरुख खान फिल्म ‘जेलर 2’ में कैमियो करने वाले हैं, लेकिन अब पता चला है कि उन्होंने खुद इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली है। अभिनेता अपनी पूरी ऊर्जा अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ पर केंद्रित करना चाहते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खान ने गुजारिश की थी कि ‘जेलर 2’ की रिलीज ‘किंग’ के बाद रखी जाए। इसकी वजह यह थी कि वह चाहते थे कि उनका अपीयरेंस सिर्फ उसी फिल्म के लिए खास रहे। ‘किंग’ में उनका एक खास लुक है। वह नहीं चाहते कि उससे पहले किसी और फिल्म में उनका वैसा ही लुक हो। ‘जेलर 2’ के मेकर्स ने इसे अगस्त में रिलीज करने का प्लान बनाया था। मेकर्स अब कैमियो रोल के लिए दूसरे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हाल ही में, मेकर्स ने घोषणा की थी कि फिल्म लगभग पूरी होने वाली है और यह प्रोजेक्ट अपने पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में पहुंच गया है।
शाहरुख खान की ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। इसके निर्देशक सिद्धार्थ आनंद हैं। इसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और अरशद वारसी जैसे कई बड़े कलाकार शामिल हैं। इसमें शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान भी होंगी।
