दिल्ली पुलिस ने पकड़ी 1 किलोग्राम से अधिक कोकीन, विदेशी नागरिक गिरफ्तार

Follow Us

नई दिल्ली/दिल्ली पुलिस को ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन कवच 13.0 में बड़ी कामयाबी मिली है।आपको बता दें की स्पेशल स्टाफ ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 1.031 किलोग्राम कोकीन बरामद किया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस कोकीन की बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। साथ ही पुलिस आरोपी से पूछताछ कर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान जॉन चिबुइके (35) के रूप में की है, जो नाइजीरिया का नागरिक है और महरौली के इस्लाम कॉलोनी इलाके में रह रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, जॉन साउथ और साउथ-ईस्ट दिल्ली में कोकीन सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क का हिस्सा था और पिछले कुछ समय से अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहा था।

पुलिस को 30 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि यह नाइजीरियन नागरिक इलाके में बड़े स्तर पर कोकीन सप्लाई कर रहा है। इसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मैनुअल निगरानी के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके ठिकाने पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1031 ग्राम यानी 1.031 किलोग्राम फाइन क्वालिटी कोकीन बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी ड्रग सप्लाई चेन के लिए बड़ा झटका है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में शामिल रहा है। वर्ष 2022 में प्रीत विहार थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वर्तमान मामले में महरौली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। इसके साथ ही अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन कवच के तहत नशे के खिलाफ अभियान इसी तरह जारी रहेगा ।