घर से निकले थे घूमने… अगली सुबह जंगल में मिली दो युवकों की लाश, जिले में सनसनी

Follow Us

कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाकछार जंगल में दो युवकों के शव पेड़ से लटके मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए, तो उन्हें यह चौंकाने वाला दृश्य दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (28) और अमित माथुर (27) के रूप में हुई है। दोनों बेलाकछार बस्ती के निवासी थे और आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक भारत एल्युमिनियम लिमिटेड (बालको) में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत थे, हालांकि पिछले करीब एक महीने से वे काम पर नहीं जा रहे थे। दोनों शादीशुदा थे और इनमें से एक युवक का एक बच्चा भी है, जिससे घटना ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक बुधवार को घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह ग्रामीणों द्वारा जंगल में शव देखे जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया।

वही ,पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अन्य संभावित कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। पुलिस परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि दोनों युवकों के हालिया व्यवहार और परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल, पीएम और जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी। इस घटना के बाद इलाके में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।