0-परियोजना 17ए के सभी सात युद्धपोतों की सुपुर्दगी पूरी, 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री से हुआ निर्माण; 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों ने दिया योगदान
कोलकाता। भारतीय नौसेना की स्वदेशी युद्धपोत निर्माण क्षमता को बड़ी मजबूती मिली है। नीलगिरि श्रेणी (परियोजना 17ए) का सातवां और अंतिम युद्धपोत ‘विंध्यगिरि (यार्ड संख्या 3024) 27 नवंबर 2023 को कोलकाता में भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया। इसका निर्माण गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने किया है। इसके साथ ही परियोजना 17ए के तहत निर्धारित सभी सात युद्धपोतों की सुपुर्दगी सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। यह उपलब्धि स्वदेशी युद्धपोत अभिकल्पना, जहाज निर्माण और रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता तथा आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
परियोजना 17ए के तहत निर्मित सभी युद्धपोत बहुउद्देशीय हैं और विभिन्न प्रकार के समुद्री अभियानों को अंजाम देने में सक्षम हैं। इन्हें समुद्री क्षेत्र में वर्तमान और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कर्नाटक की विंध्यगिरि पर्वत श्रृंखला के नाम पर इस युद्धपोत का नाम रखा गया है। यह नाम भारतीय नौसेना के पूर्ववर्ती युद्धपोत आईएनएस विंध्यगिरि की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाता है। पुराना आईएनएस विंध्यगिरि लीएंडर श्रेणी का युद्धपोत था, जिसने आठ जुलाई 1981 से 11 जून 2012 तक लगभग 31 वर्षों तक भारतीय नौसेना में सेवाएं दीं।
नया विंध्यगिरि अत्याधुनिक तकनीक और उन्नत प्रणालियों से सुसज्जित है। यह नौसैनिक अभिकल्पना, गोपनीय संचालन क्षमता, मारक शक्ति, स्वचालन और विषम परिस्थितियों में अभियान संचालित करने की भारतीय क्षमता में हुई प्रगति को प्रदर्शित करता है। साथ ही यह स्वदेशी युद्धपोत निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का भी सशक्त प्रतीक है।
उन्नत तकनीक और आधुनिक हथियार प्रणालियों से लैस
परियोजना 17ए के युद्धपोतों की अभिकल्पना नौसेना के युद्धपोत अभिकल्पना ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) ने की है। इनका निर्माण युद्धपोत पर्यवेक्षण दल, कोलकाता की निगरानी में किया गया है। ये युद्धपोत स्वदेशी अभिकल्पना, गोपनीय संचालन क्षमता, समुद्र में टिके रहने की क्षमता और युद्धक शक्ति के मामले में पिछली पीढ़ी के युद्धपोतों से काफी उन्नत हैं।
बच्चों पर टॉपर बनने का दबाव न डालें, उनकी प्रतिभा को पहचानकर दें उड़ान – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
परियोजना 17 यानी शिवालिक श्रेणी के युद्धपोतों की तुलना में इनमें अधिक आधुनिक हथियार और संवेदक प्रणालियां लगाई गई हैं। इन युद्धपोतों में संयुक्त डीजल अथवा गैस टरबाइन प्रणोदन प्रणाली (सीओडीओजी) का इस्तेमाल किया गया है। इस प्रणाली में डीजल इंजन और गैस टरबाइन दोनों शामिल हैं। ये दोनों प्रणालियां प्रत्येक प्रणोदन शाफ्ट पर लगे परिवर्तनीय पिच वाले प्रोपेलर को संचालित करती हैं।
इसके अलावा युद्धपोत में अत्याधुनिक एकीकृत मंच प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) लगाई गई है, जो पोत की विभिन्न प्रणालियों के नियंत्रण और निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आधुनिक हथियार प्रणालियों, उन्नत संवेदकों और नवीन तकनीकों से लैस ये युद्धपोत समुद्र में सतह पर मौजूद दुश्मन के जहाजों के विरुद्ध कार्रवाई, हवाई हमलों से सुरक्षा और पनडुब्बियों का पता लगाकर उनके विरुद्ध अभियान चलाने में सक्षम हैं। इस प्रकार ये भारतीय नौसेना की तीनों प्रमुख युद्धक क्षमताओं को मजबूती प्रदान करते हैं।
पहले युद्धपोत की तुलना में निर्माण अवधि 16 महीने घटी
विंध्यगिरि की सुपुर्दगी भारतीय नौसेना के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परियोजना 17ए के पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि की सुपुर्दगी के मात्र 23 महीनों के भीतर सभी सात युद्धपोत नौसेना को सौंप दिए गए हैं। इस परियोजना के शुरुआती छह युद्धपोतों के निर्माण से प्राप्त अनुभव और तकनीकी दक्षता का लाभ विंध्यगिरि के निर्माण में भी मिला।
इसी का परिणाम है कि विंध्यगिरि के निर्माण की अवधि घटाकर 68 महीने कर दी गई, जबकि इस श्रेणी के पहले युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि के निर्माण में 84 महीने लगे थे। इस तरह निर्माण अवधि में 16 महीने की कमी आई है। यह भारतीय जहाज निर्माण उद्योग की बढ़ती दक्षता, बेहतर तकनीकी क्षमता और परियोजना प्रबंधन में हुए सुधार को दर्शाता है।
75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री, 200 से अधिक उद्यमों का योगदान
विंध्यगिरि के निर्माण में लगभग 75 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है। इस परियोजना में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों ने विभिन्न उपकरणों, कलपुर्जों और तकनीकी सेवाओं के माध्यम से योगदान दिया है। इससे देश के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के साथ-साथ छोटे और मध्यम उद्योगों को भी प्रोत्साहन मिला है।
परियोजना के परिणामस्वरूप लगभग 4,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। यह युद्धपोत निर्माण परियोजना न केवल भारतीय नौसेना की सामरिक शक्ति बढ़ाने में सहायक है, बल्कि घरेलू उद्योगों, तकनीकी संस्थानों और रोजगार सृजन के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हुई है।
भारत को नवाचार आधारित दवाओं की खोज और विकास का वैश्विक केंद्र बनाना लक्ष्य : जितेंद्र सिंह
विंध्यगिरि की सुपुर्दगी के साथ भारत ने स्वदेशी युद्धपोतों की अभिकल्पना और निर्माण के क्षेत्र में अपनी क्षमता का एक और उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और देश की समुद्री सुरक्षा को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।


