नई दिल्ली। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने माल्टा की राष्ट्रीय विमान सेवा कंपनी केएम माल्टा एयरलाइंस के साथ साझेदारी का विस्तार करने की घोषणा की है। माल्टा यूरोप का एक द्वीपीय देश है जो अफ्रीका और यूरोपीय मुख्य भूमि के बीच स्थित है। यह एक जाना माना ऐतिहासिक स्थल है और इन दिनों छुट्टियां बिताने के लिए जाने वाले भारतीयों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
एयर इंडिया ने शुक्रवार को बताया कि दोनों विमान सेवा कंपनियों के बीच पहले से मौजूद ‘इंटरलाइन’ संबंध को अब एक ‘कोडशेयर’ समझौते में बदल दिया गया है। इससे भारत और माल्टा के बीच यात्रा और आसान तथा सुविधाजनक हो जाएगी।
एयर इंडिया 01 दिसंबर से माल्टा और यूरोप के छह प्रमुख शहरों के बीच ‘केएम माल्टा एयरलाइंस’ की उड़ानों पर अपना ‘एआई’ कोड लगाएगी। यात्री एयर इंडिया के जरिये एम्स्टर्डम, पेरिस, रोम, ज्यूरिख, लंदन गैटविक और लंदन हीथ्रो जैसे प्रमुख यूरोपीय शहरों तक जा सकते हैं। वहां से वे ‘केएम माल्टा एयरलाइंस’ की उड़ानों से माल्टा पहुंच सकेंगे। इसके लिए उन्हें केवल एक ही टिकट बुक करना होगा और उनका सामान (बैगेज) सीधे उनके अंतिम गंतव्य – माल्टा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (लुका) तक बुक हो जाएगा।
एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, “जैसे-जैसे भारतीय यात्री नई अंतरराष्ट्रीय जगहों की खोज कर रहे हैं, माल्टा एक बहुत ही आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है। इसका कारण इसका समृद्ध इतिहास, जीवंत संस्कृति और छुट्टियों या बिजनेस ट्रिप के लिए बढ़ता आकर्षण है। यह कोडशेयर समझौता माल्टा को एयर इंडिया के यात्रियों के और करीब लाता है। इससे यात्रियों को एक ही टिकट पर बिना किसी परेशानी के यात्रा करने, एक ही जगह बुकिंग करने और अपना सामान सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजने की सुविधा मिलती है।”
‘केएम माल्टा एयरलाइंस’ के कार्यकारी अध्यक्ष डेविड कुर्मी ने कहा, “हमें एयर इंडिया के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने और भारत से आने वाले यात्रियों के लिए माल्टा की यात्रा को आसान बनाने की खुशी है। यात्री एयर इंडिया के जरिये अपनी पूरी यात्रा के लिए एक ही टिकट बुक कर सकते हैं और अपना सामान सीधे माल्टा तक भेज सकते हैं। माल्टा के लिए भारत एक महत्वपूर्ण बाजार है, जहां छुट्टियों और बिजनेस ट्रिप, दोनों तरह की यात्राओं को बढ़ाने के अच्छे अवसर हैं। हम भारत से आने वाले और अधिक यात्रियों का अपनी उड़ानों में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”
‘बाहुबली’ की देवसेना जैसा दमदार किरदार निभाना चाहती हैं ‘दिव्य प्रेम’ की अंबिका वाणी
