दिल्ली। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में अदालत ने चार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इनमें तीन आरोपी नाबालिग हैं। करीब दो महीने पहले किशोरी का क्षत-विक्षत शव एक खेत में बरामद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की DNA जांच रिपोर्ट में चारों आरोपियों की संलिप्तता से जुड़े अहम साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मामले में वैज्ञानिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, वारदात 11 सितंबर की है। किशोरी घर से एक दोस्त से मिलने निकली थी। इसी दौरान आरोपी उसे एक खेत में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। किशोरी ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उस पर छह से अधिक बार चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उसका शव खेत में छोड़कर फरार हो गए। दो दिन बाद शव बरामद हुआ। उसकी हालत बेहद खराब थी और जंगली जानवरों ने भी उसे नुकसान पहुंचाया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती किशोरी की पहचान करना था। शव इतना क्षत-विक्षत था कि शुरुआत में मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर किशोरी के बाएं हाथ पर बने तीन सितारों के टैटू पर पड़ी। यह टैटू पहचान का अहम सुराग बना। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायतों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे मृतका की पहचान करने में मदद मिली।
पुलिस के मुताबिक, CFSL की रिपोर्ट में मृतका के शरीर से लिए गए नमूनों में वीर्य और चार अलग-अलग आरोपियों से मेल खाते DNA की पुष्टि हुई है। दिल्ली पुलिस ने 12 अक्टूबर को अदालत में 365 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 54 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। पुलिस ने जांच में DNA रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य फोरेंसिक साक्ष्यों को आधार बनाया है। अब अदालत में आरोप तय होने के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
