छत्तीसगढ़ में महज 47 दिन होगी धान खरीदी, किसानों की परेशानी बढ़ेगी- दीपक बैज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की धान खरीदी नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पंजीयन और खरीदी की अवधि में कटौती के कारण इस वर्ष किसानों को धान बेचने के लिए महज 47 दिन मिलेंगे। दीपक बैज ने कहा कि किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया 20 दिन पहले बंद कर दी गई, जबकि धान खरीदी 15 दिन देरी से शुरू की गई है और निर्धारित अवधि में भी 15 दिन की कटौती की गई है। ऐसे में शासकीय अवकाशों को छोड़कर केवल 47 दिन ही धान खरीदी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण लाखों किसान खरीदी प्रक्रिया से वंचित हो रहे हैं।

रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक सात गिरफ्तारियां

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले खरीफ विपणन सत्र का 60 प्रतिशत मिलिंग का चावल अब तक जमा नहीं हुआ है, जबकि उपार्जन केंद्रों में 30 प्रतिशत से भी कम भंडारण क्षमता है। धान के 72 घंटे के भीतर उठाव और 31 मार्च तक मिलिंग की पूर्व व्यवस्था समाप्त किए जाने से सहकारी समितियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रकबा कटौती, त्रुटिपूर्ण गिरदावली, धान के खेतों को अन्य फसल के रूप में दर्ज करने और टोकन वितरण में अव्यवस्था के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंजीयन से वंचित किसान अपनी उपज बेचने को लेकर असमंजस में हैं, जबकि टोकन नहीं मिलने से किसानों को समितियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

प्रकाश पर्व के अवसर पर बंद रहे शेयर और मुद्रा बाजार

बैज ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और आदान सहायता की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 659 रुपये की आदान सहायता संबंधी नीति के चलते किसानों को 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि खरीदी समाप्त होने तक धान का उठाव शुरू नहीं करने का निर्णय अव्यावहारिक है। इससे उपार्जन केंद्रों में भंडारण संकट पैदा होने के साथ ही सूखत, चूहों, दीमक और प्रतिकूल मौसम से होने वाले नुकसान का अतिरिक्त बोझ सहकारी समितियों पर पड़ेगा। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार की धान खरीदी संबंधी नीतियों से छोटे और सीमांत किसानों को सबसे अधिक नुकसान होगा तथा उन्हें बिचौलियों के हाथों अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।