सर्दियों में मेकअप से पहले त्वचा को दें नमी, इन 5 स्टेप्स से मिलेगा स्मूद और ग्लोइंग लुक

Follow Us

सर्दियों में ठंडी हवाओं और कम नमी के कारण त्वचा रूखी और बेजान होने लगती है। ऐसे में बिना स्किन की सही तैयारी किए मेकअप करने से महंगे फाउंडेशन और कंसीलर भी चेहरे पर अच्छा लुक नहीं दे पाते। कई बार मेकअप पैची दिखाई देने लगता है तो कहीं त्वचा पर रूखापन साफ नजर आता है। इसकी मुख्य वजह त्वचा में नमी की कमी हो सकती है। इसलिए विंटर मेकअप करने से पहले स्किन को तैयार करना बेहद जरूरी है। अगर आप चाहती हैं कि आपका मेकअप लंबे समय तक टिका रहे और चेहरा नेचुरली ग्लो करे तो इन पांच स्टेप्स को जरूर अपनाएं।

1. माइल्ड फेसवॉश से करें चेहरे की सफाई
मेकअप से पहले चेहरे को साफ करना सबसे जरूरी है। सर्दियों में तेज केमिकल वाले फेसवॉश और बार-बार चेहरा धोने से त्वचा का रूखापन बढ़ सकता है। इसलिए अपनी त्वचा के अनुसार माइल्ड और मॉइस्चराइजिंग फेसवॉश चुनें। इससे चेहरे पर मौजूद धूल-मिट्टी और अतिरिक्त तेल साफ करने में मदद मिलेगी। चेहरा धोने के लिए बहुत गर्म पानी का इस्तेमाल न करें।

2. हाइड्रेटिंग टोनर से दें ताजगी
फेसवॉश के बाद त्वचा को हाइड्रेट करने के लिए टोनर का इस्तेमाल कर सकती हैं। ग्लिसरीन और हायलूरोनिक एसिड जैसे मॉइस्चराइजिंग तत्वों वाला टोनर त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है। सर्दियों में अल्कोहल वाले टोनर से बचना बेहतर है, क्योंकि ये कुछ लोगों की त्वचा को अधिक रूखा बना सकते हैं।

3. मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें
विंटर मेकअप में मॉइस्चराइजर की सबसे अहम भूमिका होती है। त्वचा में नमी की कमी होने पर फाउंडेशन अच्छी तरह ब्लेंड नहीं होता और चेहरा पैची दिखाई दे सकता है। इसलिए अपनी त्वचा के अनुसार क्रीम बेस्ड मॉइस्चराइजर लगाएं। गालों, नाक के आसपास और होंठों के किनारों पर खास ध्यान दें। मॉइस्चराइजर लगाने के बाद कुछ मिनट इंतजार करें, ताकि त्वचा इसे अच्छी तरह सोख सके।

4. सनस्क्रीन से करें त्वचा की सुरक्षा
सर्दियों में भी सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। मौसम ठंडा हो या आसमान में बादल छाए हों, दिन के समय यूवी किरणें त्वचा को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए मेकअप से पहले कम से कम एसपीएफ 30 वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। इसे चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह फैलाएं और मेकअप शुरू करने से पहले त्वचा पर सेट होने का समय दें।

5. हाइड्रेटिंग प्राइमर से तैयार करें मेकअप बेस
स्किन केयर के बाद हाइड्रेटिंग प्राइमर लगाएं। सर्दियों में मैट फिनिश की जगह मॉइस्चराइजिंग प्राइमर चुनना बेहतर हो सकता है। यह त्वचा को स्मूद लुक देने और फाउंडेशन को आसानी से ब्लेंड करने में मदद करता है। इसे चेहरे पर हल्के हाथों से लगाएं और कुछ देर बाद फाउंडेशन का इस्तेमाल करें।

सर्दियों में मेकअप करते समय इन गलतियों से बचें
सर्दियों में बहुत ज्यादा पाउडर लगाने से बचें, क्योंकि इससे चेहरे का रूखापन अधिक नजर आ सकता है। फाउंडेशन की मोटी परत लगाने के बजाय हल्की-हल्की परतों में मेकअप करें। रूखी त्वचा के लिए मैट फिनिश की जगह हाइड्रेटिंग फॉर्मूला वाले प्रोडक्ट्स चुनें। लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों पर लिप बाम जरूर लगाएं। इसके अलावा रात में सोने से पहले मेकअप अच्छी तरह साफ करें और मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें।