तेज रफ्तार कबाड़ी जीप की टक्कर से बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर

Follow Us

०जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही थी पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली, सड़क के गड्ढों को लेकर भी उठे सवाल; पांच साल की गारंटी वाली PWD सड़क बदहाल

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी नगर के मुख्य मार्ग पर शिवम् मेडिकल स्टोर के सामने रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान आशु टप्पो पिता स्व. सुखचरण, उम्र 17 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक इमरान लकड़ा पिता जुलयानूस लकड़ा, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली बताया गया है।

जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही थी पुरानी ट्रॉली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अंबिकापुर की बताई जा रही एक कबाड़ी जीप के पीछे पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन कर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक जीप से साइड लेने का प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच जीप की चपेट में आने से दोनों दुर्घटनाग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशु टप्पो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन

सड़क के गड्ढों को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद क्कङ्खष्ठ विभाग की सड़क की बदहाल स्थिति भी चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटनास्थल के आसपास सड़क पर बड़ा गड्ढा मौजूद है। क्षेत्र की सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जबकि बताया जा रहा है कि सड़क अभी पांच वर्ष की गारंटी अवधि में है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि सड़क के गड्ढे भी हादसे की एक वजह हो सकते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कम उम्र के युवक की मौत से रातासिली गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।