लड़की वालों ने दी ऑरा तो ब्रेजा पर अड़ गया पुलिसकर्मी, मंडप सजने के बाद तोड़ दी शादी; 30 लाख रुपये हो चुके थे खर्च

Follow Us

सोनीपत। देश की राजधानी और एनसीआर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाले एक खाकी वर्दीधारी पर ही दहेज के लालच में एक परिवार की खुशियां उजाड़ने का संगीन आरोप लगा है। हरियाणा के सोनीपत में 20 नवंबर को होने वाली एक शादी उस समय तनाव और मायूसी में बदल गई, जब दिल्ली पुलिस में तैनात दूल्हे ने मनपसंद गाड़ी न मिलने पर ऐन वक्त पर रिश्ता तोड़ दिया। लड़की वालों ने अपनी क्षमता के मुताबिक साढ़े 9 लाख रुपये की ऑरा कार बुक की थी, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी कुलदीप 13 लाख रुपये की ब्रेजा गाड़ी की जिद पर अड़ गया। कम समय होने के कारण जब गाड़ी की डिलीवरी नहीं हो सकी, तो उसने बारात लाने से ही साफ इनकार कर दिया।

शादी पक्की होते ही शुरू हुई डिमांड, तैयारियों पर खर्च हो चुके थे 30 लाख रुपये
पीड़ित दुल्हन के परिवार ने अब पुलिस का दरवाजा खटखटाते हुए आरोपी दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। दुल्हन के पिता सुभाष का दावा है कि यह रिश्ता करीब छह महीने पहले तय हुआ था, लेकिन शादी पक्की होने के तुरंत बाद से ही लड़के पक्ष की ओर से गाड़ी और भारी-भरकम गहनों की मांग शुरू हो गई थी। पिता ने बताया कि उन्होंने शादी के इंतजामों पर 25 से 30 लाख रुपये तक खर्च कर दिए थे। शुरुआती मांग के अनुसार उन्होंने पहले साढ़े 9 लाख रुपये वाली ऑरा कार बुक करवा ली थी, लेकिन शादी के बिल्कुल नजदीक बिचौलियों के जरिए पता चला कि कुलदीप को ब्रेजा कार चाहिए। आनन-फानन में पिता ने ऑरा की बुकिंग रद्द कर ब्रेजा का इंतजाम करने की पूरी कोशिश की, मगर समय बेहद कम होने के चलते गाड़ी उपलब्ध नहीं हो पाई।

युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री साय, प्रदेश अध्यक्ष देव सहित शीर्ष नेतृत्व हुआ शामिल

भाई-भाभी के लिए भी मांगे थे गहने, बारात के बजाय मां संग सादे कपड़ों में पहुंचा दूल्हा
पिता सुभाष ने आरोप लगाया कि दहेज की फेहरिस्त यहीं नहीं रुकी थी। उनका परिवार दूल्हे के लिए दो तोले सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले सोने की बालियां व चांदी की पायल के साथ-साथ घर का पूरा फर्नीचर देने को भी तैयार हो गया था। इतना ही नहीं, लड़के के बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहनों की फरमाइश की गई थी, जिसका ऑर्डर भी दुल्हन पक्ष ने दे दिया था। सोनीपत की मामचंद वाटिका में भव्य शादी समारोह के लिए सारी तैयारियां मुकम्मल थीं, लेकिन 20 नवंबर को शादी वाले दिन कुलदीप बारात लेकर आने के बजाय अपनी मां के साथ सादे कपड़ों में विवाह स्थल पर पहुंच गया।

गाड़ी न मिलने पर की गाली-गलौज, मिन्नतों के बाद भी नहीं पसीजा दिल
परिजनों के मुताबिक, वेन्यू पर पहुंचते ही कुलदीप ने सीधे ब्रेजा गाड़ी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब उसे बताया गया कि कम वक्त के कारण गाड़ी की डिलीवरी नहीं हो सकी है, तो वह भड़क उठा और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुलदीप ने न केवल लड़की के परिवार वालों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की, बल्कि दुल्हन के भाई से भी उलझ पड़ा। दुल्हन के परिजनों ने समाज में इज्जत का वास्ता देते हुए उसके सामने बार-बार हाथ जोड़े और मिन्नतें कीं, लेकिन वह बारात लाने के लिए राजी नहीं हुआ और अपनी मां के साथ वहां से वापस लौट गया।