दर्री डेम में मिला लापता ASI के बेटे का शव, कॉलेज जाने के लिए निकला था घर से; मोबाइल और बाइक गायब

Follow Us

कोरबा। जिले के प्रगतिनगर स्थित दर्री डेम में रविवार को 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो बांगो थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) धनंजय सिंह का बेटा था। युवक 18 नवंबर से लापता था। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

मछली पकडऩे पहुंचे मछुआरों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, कुछ मछुआरे मछली पकडऩे के लिए दर्री डेम पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। मछुआरों ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। घटनास्थल पर पहुंचेASI धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन के रूप में की।

18 नवंबर को कॉलेज जाने निकला था अर्जुन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अर्जुन 18 नवंबर को बाइक से कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। इसके बाद से ही परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन दर्री डेम के आसपास मिली थी।

हैरानी की बात यह है कि शव मिलने के बाद भी पुलिस को अर्जुन का मोबाइल फोन और उसकी बाइक नहीं मिली है। ऐसे में युवक डेम तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

अरुणाचल में बना भूकंप-रोधी एनडीआरएफ परिसर, आठ राज्यों की एसडीआरएफ को मिलेगा प्रशिक्षण : अमित शाह

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। एएसपी लखन पटले ने बताया कि दर्री डेम में शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।