छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, रायपुर समेत कई इलाकों में घने कोहरे का असर

Follow Us

रायपुर। चक्रवात अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच राजधानी रायपुर सहित कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया हुआ है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट आ सकती है। ऐसे में नवंबर के अंतिम दिनों में लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास होगा। बारिश के कारण फिलहाल वातावरण में नमी बनी हुई है। मौसम साफ होने और न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है।

राजधानी रायपुर में भी मौसम का बदला हुआ मिजाज दिखाई दे रहा है। 21 नवंबर को यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा। रविवार सुबह भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर के भैसमा में सर्वाधिक 9 सेंटीमीटर बारिश हुई। दरपाली में 8 सेंटीमीटर, जबकि बिलासपुर, करतला और कोरबा में 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं दरी और पचपेड़ी में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला था और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ था। इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके कमजोर पड़ने के बाद तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने की संभावना है।