मुंबई। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) नवंबर में भारतीय पूंजी बाजार में रिकॉर्ड निवेश की ओर बढ़ रहे हैं। एफपीआई 20 नवंबर तक 13.67 अरब डॉलर यानी 1,28,608 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश कर चुके हैं। यदि महीने के अंत तक यही रुख जारी रहा तो यह मासिक एफपीआई निवेश का नया रिकॉर्ड हो सकता है। शुद्ध लिवाली बाजार में लगाई गई पूंजी और बाजार से निकाली गई पूंजी का अंतर होता है। इससे पहले सिर्फ दो ही मौके ऐसे रहे हैं जब एफपीआई ने एक ही महीने में भारतीय पूंजी बाजार में 10 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। दिसंबर 2023 में उन्होंने 10.15 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया था। इसके बाद, सितंबर 2024 में उन्होंने 11.16 अरब डॉलर की शुद्ध लिवाली की थी जो अबतक का रिकॉर्ड है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार नवंबर में अबतक एफपीआई ने अकेले इक्विटी में 12.996 अरब डॉलर का शुद्ध निवेश किया है। डेट में उनका निवेश 66.3 करोड़ डॉलर और म्यूचुअल फंड में 1.2 करोड़ डॉलर बढ़ा। वहीं, हाइब्रिड उपकरणों में उनका निवेश 1.1 करोड़ डॉलर घट गया। ऐसे समय में जब अमेरिका तथा दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में एआई कंपनियों में बिकवाली देखी जा रही है, विदेशी निवेशक भारत को सुरक्षित निवेश गंतव्य के रूप में देख रहे हैं जहां एआई का प्रभाव अब भी उतना अधिक नहीं है।
इससे पहले अक्टूबर और सितंबर में लगातार दो महीने एफपीआई बिकवाल रहे थे। अक्टूबर में उन्होंने 2.51 अरब डॉलर और सितंबर में 6.11 अरब डॉलर की शुद्ध निकासी की थी। मौजूदा कैलेंडर वर्ष में अब तक एफपीआई शुद्ध रूप से बिकवाल रहे हैं। उन्होंने 20 नवंबर तक 10.86 अरब डॉलर की शुद्ध निकासी की है। इसमें इक्विटी में उनका निवेश 18.41 अरब डॉलर कम हुआ है। डेट और म्यूचुअल फंड में उन्होंने अपना निवेश बढ़ाया है जबकि हाइब्रिड उपकरणों में उनके निवेश में कमी आई है।
