बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई। लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही एंबुलेंस 53.3वें किलोमीटर पर पहले से खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक राहगीर ने हादसे की सूचना 112 कंट्रोल रूम को दी। एंबुलेंस लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ी पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस सवार लोग जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे।
सुबेहा थाना प्रभारी बेचू सिंह ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में राजस्थान के अलवर जिले के पीपल खेड़ा निवासी हरिओम योगी, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मध्य बाला भूत निवासी अमीनूर हक, पश्चिम बंगाल के सुकनस पुकानगंज निवासी रूपिक और राजस्थान के जयपुर स्थित जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान शामिल हैं। पांचवें मृतक की पहचान एंबुलेंस चालक आलम के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र का रहने वाला था।
