वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में शुक्रवार शाम नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन आयोजित ‘काशी भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में भक्ति और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भजन क्लबिंग का कार्यक्रम हर किसी को मंत्रमुग्ध कर गया। नमो घाट पर हुए इस आयोजन में मेरे युवा साथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। उनका उत्साह देखते ही बन रहा था।”
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, काशी क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष अशोक चौरसिया, मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
रूस अज़रबैजान एवं आर्मेनिया के बीच संबंध सामान्य बनाने में मदद करने के लिए तैयार
चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर से आए कलाकार संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी की समृद्ध परंपरा को जीवंत करेंगे। पहले दिन भजन गायक राघव और प्राची ने ‘काशी भजन क्लबिंग ने एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम’ कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। बैकस्टेज सिबलिंग्स के साथ कलाकारों ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक कॉन्सर्ट, इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और आकर्षक रोशनी के साथ प्रस्तुत किया।
प्रस्तुति के दौरान हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से नमो घाट गूंज उठा। भजनों और संगीत की धुन पर दर्शक भी झूमते नजर आए। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने कलाकारों के साथ गुनगुनाते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। गंगा की लहरों के बीच भक्ति और आधुनिक संगीत का यह संगम महोत्सव के पहले दिन का मुख्य आकर्षण रहा।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अमित राय और मधुकर चित्रांश सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
