1.8 सेकंड में 100 की रफ्तार पकड़ेगी महिंद्रा की नई रेसिंग कार M13Electro, 335 kmph है टॉप स्पीड

Follow Us

दमदार एसयूवी के लिए मशहूर महिंद्रा अब अंतरराष्ट्रीय रेसिंग ट्रैक पर अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। महिंद्रा रेसिंग ने 2027 फॉर्मूला ई सीजन के लिए अपनी नई इलेक्ट्रिक रेसिंग कार M13Electro पेश की है। इस कार के साथ कंपनी ने फॉर्मूला ई के अत्याधुनिक जेन-4 (Gen-4) दौर में कदम रख दिया है। खास डिजिटल कैंपेन के जरिए सुर्ख लाल रंग की इस रेसिंग कार की पहली झलक दिखाई गई है।

जेन-4 तकनीक से लैस है नई कार
M13Electro को फॉर्मूला ई के आगामी जेन-4 नियमों के अनुसार तैयार किया गया है। इसमें पावरट्रेन, पावर आउटपुट और एयरोडायनामिक्स में बड़े तकनीकी बदलाव किए गए हैं। नई तकनीक के चलते टीमों को कार की सेटिंग, बैटरी की खपत और एनर्जी मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देना होगा। इससे रेसिंग के दौरान रणनीति और प्रदर्शन दोनों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

1.8 सेकंड में 0 से 100 की रफ्तार
महिंद्रा की इस इलेक्ट्रिक रेसिंग कार की सबसे बड़ी खासियत इसकी जबरदस्त रफ्तार है। M13Electro करीब 804 बीएचपी की ताकत पैदा करने में सक्षम है और इसकी अधिकतम रफ्तार 335 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। यह महज 1.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति पकड़ सकती है। इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम और एडवांस ब्रेकिंग तकनीक दी गई है, जिससे तेज मोड़ों पर बेहतर नियंत्रण और संतुलन मिलता है।

पर्यावरण के अनुकूल है जेन-4 कार
रफ्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया है। फॉर्मूला ई के जेन-4 प्लेटफॉर्म को टिकाऊ रेसिंग तकनीक के रूप में विकसित किया गया है। कार के निर्माण में 20 प्रतिशत से अधिक रीसायकल किए गए मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, रेसिंग सीजन के बाद इसके लगभग सभी हिस्सों को दोबारा रीसायकल करने की व्यवस्था रखी गई है।

निक डी व्रीस और एडोआर्डो मोर्टारा संभालेंगे कमान
2027 सीजन के लिए महिंद्रा रेसिंग ने अपने अनुभवी ड्राइवर निक डी व्रीस और एडोआर्डो मोर्टारा पर भरोसा जताया है। दोनों लगातार चौथे साल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। नई जेन-4 कार की तकनीक को समझने और ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन करने में दोनों ड्राइवरों का अनुभव अहम भूमिका निभाएगा।

नई तकनीक को समझने में लगेगा समय
महिंद्रा रेसिंग के सीईओ और टीम प्रिंसिपल फ्रेडरिक बर्ट्रेंड के मुताबिक, पूरी टीम नए सीजन को लेकर उत्साहित है, लेकिन नई तकनीक की पूरी क्षमता हासिल करने के लिए काफी मेहनत करनी होगी। उन्होंने माना कि ट्रैक पर सफलता रातों-रात नहीं मिलती और कार के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम करना होगा। गौरतलब है कि महिंद्रा एबीबी एफआईए फॉर्मूला ई वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली भारत की एकमात्र ऑटोमोबाइल कंपनी है। नई M13Electro के जरिए कंपनी अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रिक मोटरस्पोर्ट्स में अपनी मजबूत पहचान बनाने की तैयारी में है।