भारत को गैर-लोकतांत्रिक नहीं बनने देंगे’, शिकागो में राहुल गांधी ने उठाया वोट चोरी का मुद्दा

Follow Us

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो में एक बार फिर भारतीय चुनावी व्यवस्था और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को गैर-लोकतांत्रिक नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव लड़ना बंद कर देगा, तो भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि अगर विपक्ष अपने कार्यकर्ताओं से चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहेगा, तो उनके सामने राजनीतिक अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए चुनावी लड़ाई जारी रखना जरूरी है।

2014 से चुनावी व्यवस्था पर था संदेह
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान ही चुनावी व्यवस्था में गड़बड़ी का संदेह होने लगा था। हालांकि, उस समय उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं था। उन्होंने बताया कि बाद में जब उन्हें कुछ सबूत मिले और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने यह मुद्दा रखा, तो उन्हें इस पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं बोलने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना कोई आसान बात नहीं है। इस तरह के आरोप लगाने के लिए उनके पास 100, 200 या 300 प्रतिशत तक ठोस सबूत होने चाहिए। राहुल के मुताबिक, विपक्ष का उद्देश्य चुनावी व्यवस्था को कमजोर करना नहीं, बल्कि उसमें मौजूद कथित खामियों को उजागर करना है।

ब्राजील की महिला ने 23 बार डाला वोट: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने 2024 के चुनावों में कथित फर्जी और अवैध मतदाताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत नहीं आई, इसके बावजूद उसने भारत के एक राज्य में 23 बार मतदान किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसे मतदाता मौजूद हैं, जिन्हें वोट देने का अधिकार नहीं है, तो चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इसी मुद्दे पर लड़ाई लड़ रहा है और उन्हें खुशी है कि इस संघर्ष में विपक्ष को सफलता मिल रही है।

इजराइल और गाजा पर भी रखी राय
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने इजराइल और भारत के संबंधों के साथ गाजा की स्थिति पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत के इजराइल के साथ अच्छे संबंध हैं और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भी है। उन्होंने 7 अक्टूबर को हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने गाजा में हो रही घटनाओं को भी उतना ही निंदनीय बताया और उनकी आलोचना की। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की विदेश नीति दूसरे देशों के हितों के बजाय भारत के अपने राष्ट्रीय हितों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा देश है और उसकी आबादी करीब 150 करोड़ है, इसलिए विदेश नीति तय करते समय देश के हित सर्वोपरि होने चाहिए।