फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खान के परिवार को SC से बड़ी राहत, UP सरकार की याचिका खारिज

Follow Us

नई दिल्ली। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार की उस अपील को खारिज कर दिया है, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसके तहत आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार की याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही अदालत ने आजम खान की पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान की अपीलों को भी स्वीकार कर लिया।दरअसल, तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम खान ने भी अपने खिलाफ सुनाई गई दोषसिद्धि पर रोक लगाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने उनकी अपीलें स्वीकार करते हुए उन्हें भी राहत प्रदान की। इस फैसले से तीनों को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े बहुचर्चित मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है।

क्या है पूरा जन्म प्रमाण पत्र विवाद
यह मामला आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र होने के आरोप से जुड़ा है। पहला जन्म प्रमाण पत्र रामपुर नगर पालिका से जारी हुआ था, जिसमें उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी, 1993 दर्ज थी। यही जन्मतिथि उनके हाईस्कूल के शैक्षणिक रिकॉर्ड में भी दर्ज थी। वहीं, दूसरा जन्म प्रमाण पत्र 21 जनवरी, 2015 को लखनऊ से जारी किया गया था। इसमें अब्दुल्ला आजम की जन्मतिथि 30 सितंबर, 1990 बताई गई थी। यही जन्मतिथि उनके पासपोर्ट में भी दर्ज थी। आरोप था कि अलग-अलग जन्मतिथियों वाले प्रमाण पत्र बनवाने में आजम खान और उनकी पत्नी तजीन फातिमा की भी भूमिका थी।

इस मामले में 3 जनवरी, 2019 को रामपुर के गंज थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने जांच के बाद आजम खान, तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। रामपुर की एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट अदालत ने 18 अक्टूबर, 2023 को तीनों को दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की जेल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद अब्दुल्ला आजम की विधानसभा सदस्यता भी रद्द हो गई थी। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने राज्य सरकार की अपील खारिज कर दी।