महादेव घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने किया पारण

Follow Us
  • महादेव घाट पर उमड़ी आस्था की भीड़, छठी मैया के गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल

रायपुर। (तुमेश साहू) राजधानी रायपुर के महादेव घाट पर छठ महापर्व के अंतिम दिन आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया और व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी पूरा हो गया। महादेव घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाएं और पुरुष सूप में फल, ठेकुआ तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचे और खारुन नदी के जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

महादेव घाट के साथ ही शीतला तालाब, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और बोरियाखुर्द सहित शहर के विभिन्न छठ घाटों पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

छठ पूजा को लेकर सभी प्रमुख घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। विभिन्न घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हुआ। पारण के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त किया। पूरे प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ छठ महापर्व मनाया गया।

सुख, समृद्धि, और खुशहाली की कामना के साथ छठ मनाया गया

महादेव घाट में उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि “यह चार दिनों का महापर्व होता है। पहले दिन नहाए खाए से पर्व की शुरुआत होती है. दूसरे दिन खरना का कार्यक्रम आयोजित होता है और तीसरे दिन डूबते हुए सूरज को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते हुए सूर्य की उपासना करने के साथ ही उन्हें अर्घ्य दिया जाता है। उत्तर भारतीयों के द्वारा यह छठ महापर्व सालों से करते आ रहे हैं उनका कहना है कि घर में सुख,शांति समृद्धि, खुशहाली, तरक्की पति और बच्चों की दीर्घायु की कामना के लिए की जाती है. छठ महापर्व में छठी मैया के लिए उपवास व्रत निर्जला रखा जाता है. यह काफी कठिन व्रत होता है। जिसको महिलाओं के द्वारा चार दिनों तक रखना होता है। छठ महापर्व के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन होता है।