घर में घुसकर महिला से मारपीट और जेवर चोरी करने वाले नकाबपोश आरोपियों की तलाश, पुलिस ने जारी किया संदिग्ध का स्केच

Follow Us

जांजगीर-चांपा । जांजगीर-चांपा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से मारपीट और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो अज्ञात नकाबपोश आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मामले में पुलिस ने महिला के बताए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध आरोपी का स्केच तैयार कराया है और आम लोगों से उसकी पहचान करने में सहयोग की अपील की है।

पुलिस के अनुसार 12 नवंबर 2026 को एक महिला अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति जबरन घर में घुस गए। आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर मौके से फरार हो गए।घटना के दौरान भागते समय महिला ने एक आरोपी का नकाब खींच लिया था। इससे उसने आरोपी का चेहरा देख लिया और पहचानने की बात कही। महिला द्वारा बताए गए हुलिए एवं निशानदेही के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध का स्केच तैयार कराया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्केच में दिखाए गए हुलिए का कोई व्यक्ति दिखाई देने या उसके संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
– थाना कोतवाली : 9907821111
– पुलिस कंट्रोल रूम : 9479193199
पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की छोटी-सी सूचना भी आरोपियों तक पहुंचने और मामले का खुलासा करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अपराध नियंत्रण में जनसहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की है।