रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। यह अवसर प्रदेश के कलाकारों के लिए गौरवपूर्ण रहा। इस मुलाकात के जरिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला और पीढ़ियों से चली आ रही कारीगरी को देशभर में पहचान मिली।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत शिल्पकारों से मिलने की इच्छा जताई थी। इसी क्रम में कोंडागांव और रायगढ़ के कलाकारों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा। राष्ट्रपति भवन में हुई इस भेंट के दौरान कलाकारों ने प्रदेश की पारंपरिक बेलमेटल कला का प्रतिनिधित्व किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देशभर में जानी जाती है। इस कला के माध्यम से धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को तैयार किया जाता है। इन कलाकृतियों में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की झलक देखने को मिलती है।
कोंडागांव सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक हुनर को सहेजने और आगे बढ़ाने में जुटे हैं। बदलते समय के बावजूद शिल्पकार अपनी पुरानी तकनीकों और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखे हुए हैं। उनकी मेहनत और कलात्मक कौशल ने छत्तीसगढ़ की हस्तशिल्प कला को अलग पहचान दिलाई है।
राष्ट्रपति भवन में हुई यह मुलाकात प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पारंपरिक कलाकारों को राष्ट्रपति भवन में अपनी कला और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता रहा है। छत्तीसगढ़ के 50 शिल्पकारों की इस विशेष भेंट ने प्रदेश की पारंपरिक कारीगरी और जनजातीय कला के महत्व को एक बार फिर सामने लाया।
