13 से 15 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 26 जिलों की कुल 364 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैदान पर उनकी फुर्ती, दमदार रक्षात्मक खेल, आक्रामक रणनीति और टीम के बीच बेहतर तालमेल ने दर्शकों को रोमांचित किया। फाइनल में राजनांदगांव और बिलासपुर की टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दम लगाया, लेकिन राजनांदगांव की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। बिलासपुर की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान जिले ने तीसरा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि जिले को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना गौरव की बात है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलता है और प्रदेशभर की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए निरंतर अभ्यास और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। जीत से आत्मविश्वास बढ़ता है, जबकि हार अपनी कमियों को पहचानकर बेहतर तैयारी करने का अवसर देती है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की।
नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि बेटियां शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों में बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है। ऐसी प्रतियोगिताओं से उनमें आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। राजनांदगांव की विजेता टीम को समाजसेवी पवन सुल्तानिया की ओर से 10 हजार रुपये दिए गए। वहीं बिलासपुर की उपविजेता टीम को नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने 7,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल तकनीक और रणनीतियों को समझने का अवसर मिला। प्रतियोगिता ने बालिका खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही जिले में कबड्डी सहित अन्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का काम किया। समापन समारोह में राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी, महासचिव प्रदीप यादव, जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
