उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कई कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन यह आयोजन उनके लिए विशेष है। यहां वे वरिष्ठजनों को कुछ देने नहीं, बल्कि उनसे आशीर्वाद, प्रेरणा और जीवन का अनुभव प्राप्त करने आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले परिवार और समाज के लोग एक साथ बैठकर समय बिताते थे, लेकिन आज मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से आपसी मेलजोल कम होता जा रहा है। ऐसे समय में वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और जीवन मूल्य समाज को नई दिशा दे सकते हैं।
विजय शर्मा ने बताया कि वरिष्ठजनों की मांग और सुझाव पर कवर्धा में करीब 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए उसी स्थान का चयन किया गया है, जिसे वरिष्ठ नागरिकों ने उपयुक्त बताया था। सियान सदन में बुजुर्गों को आपस में मिलने-जुलने, समय बिताने और विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने की सुविधा मिलेगी। यहां कैरम, शतरंज और अध्ययन जैसी गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने भविष्य में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैटरी से चलने वाले छोटे वाहन उपलब्ध कराने की योजना भी बताई। इससे बुजुर्ग फोन करके वाहन बुला सकेंगे और घर से सियान सदन तक आसानी से आ-जा सकेंगे।
परिवार और भावनात्मक रिश्तों की चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के लिए बेटा उम्र में कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, वह हमेशा उसका बच्चा ही रहता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से बचपन की अच्छी यादों को संजोकर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी यादें जीवन में खुशी और आत्मिक संतोष देती हैं।
सम्मेलन का आयोजन कवर्धा में होने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई और आयोजकों को बधाई दी। साथ ही सियान सदन का निर्माण पूरा होने के बाद वहां भी इस तरह का सम्मेलन आयोजित करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कबीरधाम के अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, प्रांतीय महासचिव धनेश सोलंकी, डॉ. अतुल जैन, शुभंकर विश्वास, लालचंद जैन, आदित्य श्रीवास्तव सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
