बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया, चिराग की हैट्रिक और सुरेंद्र के शानदार बचाव ने दिलाई जीत
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। तीनों मुकाबले जीतकर न्यायधानी नाइट्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि बैलाडीला बुल्स को अब तक पहली जीत का इंतजार है।
दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण मुकाबले का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में बैलाडीला बुल्स की ओर से पेनल्टी कॉर्नर दिए जाने का फायदा उठाते हुए चिराग ने शानदार ड्रैग-फ्लिक से गोल किया। उन्होंने हाफ टाइम से पहले एक और गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हालांकि, जसकरण ने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचाया और बैलाडीला बुल्स ने स्कोर 2-1 कर मुकाबले में वापसी की उम्मीद कायम रखी।
जीएसटी देश का सबसे बड़ा कर सुधार, एआई से बदलेगी टैक्स प्रैक्टिस की कार्यप्रणाली : ओ.पी. चौधरी
तीसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स के अनुभवी खिलाड़ी और टोक्यो ओलंपिक 2020 के कांस्य पदक विजेता सुरेंद्र ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने से रोक दिया। वहीं, चिराग ने क्वार्टर के अंतिम चरण में अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। मैच के अंतिम क्षणों में केतन कुशवाहा ने शानदार टोमाहॉक शॉट से गोल कर न्यायधानी नाइट्स की जीत 4-1 से सुनिश्चित कर दी।
चिराग को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच और ‘प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे। न्यायधानी नाइट्स अब 27 अक्टूबर को चक्रधर चैंपियंस के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जबकि बैलाडीला बुल्स का अगला मुकाबला 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा।
