रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के निःशुल्क दर्शन का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के अंतर्गत जशपुर जिले के अब तक 3,062 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं। योजना के 16वें चरण के तहत 27 अक्टूबर को जशपुर जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों और नगर पंचायतों से 204 श्रद्धालु अयोध्या दर्शन के लिए रवाना होंगे। इससे पहले जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत और नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की यात्रा का खर्च उठा रही सरकार
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था का खर्च छत्तीसगढ़ शासन वहन कर रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। योजना के माध्यम से दर्शन कर चुके श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

