०जशपुर में युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने विद्यार्थियों से किया संवाद, बोले—सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, परिश्रम ही लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता
जशपुरनगर । शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. पीजी कॉलेज, जशपुर में शनिवार को युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। जिले के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोमर ने बताया कि युवा उड़ान 2026 की शुरुआत बीजापुर से हुई है। इसका उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद करना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके विचारों व सुझावों को शासन तक पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सुझाव लिखित रूप में आयोग को देने की अपील की और कहा कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर यथासंभव सकारात्मक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राज्य की रीढ़ होते हैं और उनकी ऊर्जा, सोच तथा नवाचार की क्षमता छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। लक्ष्य केवल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सक्षम, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाना भी है, ताकि वे विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
परिश्रम और कौशल विकास से मिलेगी सफलता
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए तोमर ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों से सतर्क रहने और मोबाइल का उपयोग शिक्षा, ज्ञान तथा व्यक्तित्व विकास के लिए करने की सलाह दी।
उन्होंने युवाओं से नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल, कला, साहित्य, संस्कृति, समाजसेवा और स्वरोजगार जैसे रचनात्मक क्षेत्रों में लगाने का आह्वान किया। साथ ही तकनीक, स्टार्टअप और नए विचारों के माध्यम से आगे बढऩे तथा शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिकता अपनाने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और मातृभूमि पर भी गर्व करना चाहिए।
जनपद अध्यक्ष ने कौशल आधारित प्रशिक्षण पर दिया जोर
जशपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष गंगा राम भगत ने विद्यार्थियों को शिक्षा और कौशल विकास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कौशल आधारित प्रशिक्षण को रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य और अधिकारियों ने भी शिक्षा, करियर चयन, अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा व्यक्तित्व विकास के महत्व पर विचार रखे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के सचिव ए. एक्का सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
