नगर निगम का सख्त एक्शन: 4 दिन तक सफाई ठप करने वाले ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नगर निगम प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। शहर के जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक आठ स्थित बीएसयूपी खालबाड़ा में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य बंद रखने पर अनुबंधित सफाई ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। निगम प्रशासन ने संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार ठेका निरस्त करने की चेतावनी भी दी है।

जानकारी के अनुसार, बीएसयूपी खालबाड़ा में ठेकेदार द्वारा 20 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक लगातार चार दिनों तक सफाई संबंधी कार्य बंद रखा गया। बिना पूर्व अनुमति और सूचना के सफाई कार्य बंद किए जाने से क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

छात्र की चोटी काटने के मामले में घिरीं प्रिंसिपल, जांच रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज

जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने ठेकेदार को उनके समक्ष उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार लाने को कहा गया है।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है या निर्धारित समय में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होता है, तो नियमानुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए फिलहाल ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला: शिक्षकों के लिए ऑनलाइन लीव अप्लाई करना हुआ जरूरी