पामगढ़ में शराब पीने के बाद पार्षद समेत दो की मौत, दो अन्य अस्पताल में भर्ती

Follow Us

जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, दो अन्य युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।

चार दोस्तों ने साथ बैठकर पी थी शराब
जानकारी के अनुसार, यह मामला पामगढ़ नगर पंचायत का है। मृतकों की पहचान BSP पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों ने पुराना अस्पताल पामगढ़ परिसर में अपने दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। कुछ समय बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी।इसके बाद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। राम खिलावन जांगड़े की सिम्स में, जबकि जोहित खरे की अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

जहरीली शराब की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना में शामिल अन्य दो युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शराब पीने के बाद दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हो सकेगा।