जी एन ए महाविद्यालय मेंरक्तदान शिविर का आयोजन

Follow Us

भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में महाविद्यालय की रेडक्रॉस समिति एवं एचडीएफसी बैंक लिमिटेड भाटापारा के संयुक्त सहयोग से दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन कर्मचारियों को रक्तदान के प्रति जागरूक होकर इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय की रेडक्रॉस समिति की संयोजक डॉ. दीपिका त्रिपाठी द्वारा किया गया। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया। इस दौरान 25 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया, जो समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा-भावना एवं मानवीय सहयोग का परिचायक है।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस समिति की सदस्य स्नेहा दुबे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजन तिवारी, डॉ. सुमित पंत, डॉ. दीपक यादव, ऋतंभरा यादव, रेखा कश्यप, राजेश शर्मा, राहुल साहू सहित समस्त स्टाॅफ उपस्थित रहे। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस आयोजन में एचडीएफसी बैंक लिमिटेड भाटापारा की ओर से मनोज कुमार साहू एवं उनकी टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान प्रदान किया। शिविर के सफल आयोजन में आशीर्वाद ब्लड सेंटर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ-साथ हेलमेट अथवा कॉलेज बैग देकर सम्मानित करने की व्यवस्था भी की गई थी।

इस प्रकार रक्तदान शिविर के माध्यम से महाविद्यालय ने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा-भावना विकसित करने का सराहनीय प्रयास किया।