शांतिपूर्ण और सांस्कृतिक दुर्गा विसर्जन कराने वाली चार समितियां सम्मानित
कांकेर। दुर्गा विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन की पहल पर सांस्कृतिक तरीके से विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने वाली चार समितियों को सम्मानित किया गया। एसडीओपी हरीश पाटिल के नेतृत्व में कालिका महोत्सव राजापारा, श्री संगम दुर्गोत्सव समिति, नवजोत समिति और आंग्ल वैदिक समिति के प्रतिनिधियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
इन समितियों ने दुर्गा विसर्जन के दौरान धुमाल, डीजे और प्रेशर म्यूजिक पर प्रतिबंध का पालन करते हुए सांस्कृतिक तरीके से कार्यक्रम आयोजित किया। साथ ही निर्धारित समय से पहले विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया। पुलिस प्रशासन ने समितियों के इस सहयोग की सराहना करते हुए इसे शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
सम्मानित समितियों के सदस्यों ने भी पुलिस प्रशासन का आभार जताया और भविष्य में भी नियमों का पालन करते हुए सहयोग करने की बात कही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए समितियों और आयोजकों को आवश्यक समझाइश दी जाएगी। साथ ही किसी भी आयोजन से पहले संबंधित थाना में सूचना देने के निर्देश भी दिए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सांस्कृतिक स्वरूप में संपन्न कराना है, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
