रायपुर। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और नागरिकों की समस्याओं का समय पर निराकरण करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन में आयोजित साप्ताहिक समयसीमा (टीएल) बैठक में आयुक्त ने विभिन्न विभागों के कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जोन कमिश्नरों को सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने और सफाई से संबंधित जनशिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सफाई से पहले और बाद की तस्वीरों की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त मिश्रा ने नगर निगम के निर्धारित राजस्व लक्ष्य के अनुसार वसूली करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को बड़े बकायादारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही 31 दिसंबर 2026 तक चालू वर्ष के संपत्तिकर का पूर्ण भुगतान करने वाले पात्र करदाताओं को नियमानुसार 4 प्रतिशत छूट का लाभ देने और अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ने को कहा। उन्होंने नामांतरण के प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवैध नल कनेक्शनों को नियमित करने, निर्धारित अर्थदंड लेने और संबंधित उपभोक्ताओं से जलकर की वसूली करने पर चर्चा हुई। आयुक्त ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ई-चालान कार्रवाई की समीक्षा की। त्योहारों से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। राजीनामा योग्य प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने तथा राजीनामे के योग्य नहीं पाए गए मामलों में नियमों के तहत अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने शहर में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने और उनका उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने बेहतर रखरखाव करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उन्हें तेजी से पूरा करने को कहा गया।
बैठक में अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, रवि राही, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता इमरान खान, नगर निवेशक आभाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जोन कमिश्नर, अभियंता और राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

