कोरबा से 40 किमी दूर वॉकथॉन पर विवाद, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने मांगा खर्च का हिसाब

Follow Us

कोरबा। नगर निगम की ओर से शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर पुटका पहाड़ में आयोजित स्वच्छता वॉकथॉन को लेकर सियासत गरमा गई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने इस आयोजन पर सवाल उठाते हुए निगम आयुक्त को पत्र लिखा है और सरकारी खजाने से खर्च की गई राशि का पूरा ब्योरा मांगा है। उन्होंने सवाल किया कि प्राकृतिक रूप से स्वच्छ और सुंदर जंगलों के बीच स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे क्या उद्देश्य था और इसमें जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग किस तरह किया गया।

नगर निगम ने 16 और 17 अक्टूबर को पुटका पहाड़ क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत वॉकथॉन आयोजित किया था। कार्यक्रम के पहले दिन भजन-कीर्तन हुआ, जबकि दूसरे दिन करीब 13 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली गई। कृपाराम साहू ने आयुक्त से आयोजन पर हुए कुल खर्च, बजट की स्वीकृति, राशि के स्रोत तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के परिवहन और भोजन पर हुए व्यय की जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि यदि आयोजन पारदर्शी और जनहित में था, तो खर्च का विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। फिलहाल, निगम आयुक्त की ओर से जवाब सामने नहीं आया है। ऐसे में आयोजन के खर्च को लेकर बहस जारी है और अब वित्तीय विवरण का इंतजार किया जा रहा है।