बिहार MLC चुनाव: आठ सीटों पर वोटिंग, जानें कहाँ पड़ा सबसे अधिक, कम मतदान

Follow Us

पटना। किशनगंज में बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान जारी है। जिले के आठ प्रखंडों एवं इकाइयों में कुल 3,554 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,898 पुरुष और 656 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, कोचाधामन में सबसे अधिक 852 मतदाता हैं, जबकि टेढ़ागाछ में सबसे कम 214 मतदाता हैं। बहादुरगंज में 521, दिघलबैंक में 323, ठाकुरगंज में 541, पोठिया में 347, किशनगंज प्रखंड में 182 और किशनगंज अनुमंडल में 574 मतदाता दर्ज हैं। मतदान को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गई है।

बिहार विधान परिषद चुनाव: शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग तेज, जानिए कहां-कितना मतदान हुआ?
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर शुक्रवार सुबह 10 बजे तक मतदान प्रतिशत के आंकड़े सामने आए हैं। इनमें सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 13.56 प्रतिशत मतदान हुआ है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.88 प्रतिशत और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले हैं। वहीं, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आठ प्रतिशत, पटना स्नातक में 5.5 प्रतिशत, कोसी स्नातक में 5.14 प्रतिशत, तिरहुत शिक्षक में 5.88 प्रतिशत और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 4.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

राहुल गांधी पर भाजपा का निशाना: ‘वे मतिभ्रम के शिकार, कांग्रेस उनके पीछे’

बिहार विधान परिषद चुनाव 2026: वैशाली में शांतिपूर्ण मतदान जारी
वैशाली जिले में बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में कुल 48 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 32 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 16 केंद्र शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 38,089 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।

बिहार एमएलसी चुनाव 2026: जनसुराज के प्रत्याशी पर क्यों दर्ज की गई प्राथमिकी?
निवर्तमान एमएलसी और जनसुराज के उम्मीदवार आफाक अहमद पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है। आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की है। इस मामले में सारण जिले के नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।

बिहार विधान परिषद चुनाव: मधुबनी में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है मतदान
मधुबनी जिले में बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। जिले के सभी 21 प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 32 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 30,800 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक क्षेत्र के 29,093 मतदाता और शिक्षक क्षेत्र के 1,707 मतदाता शामिल हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पांच अनुमंडल पदाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट, पांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को जोनल पुलिस पदाधिकारी और जिला स्तर के 22 अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है।

बिहार विधान परिषद चुनाव: अनंत सिंह ने किसकी जीत किया दावा?
मोकामा विधानसभा से जनता दल यूनाईटेड के विधायक अनंत सिंह ने एक बार फिर से जनसुराज की जीत डॉ. अनुज कुमार की जीत का दावा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता मालिक है। वह सब जानती है कि किसे वोट देना है? इस चुनाव में डॉ. अनुज कुमार को जनता चुनने जा रही है। बता दें कि अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं।

मोकामा में जदयू और जनसुराज के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत
मोकामा में जनता दल यूनाईटेड और जनसुराज के कार्यकार्ताओं के बीच आपस में भिड़ंत हो गई। दो दलों के नेता एक दूसरे पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने काफी हंगामा किया है। इधर, सूचना मिलते ही एसडीपीओ रामकृष्ण मौके पर पहुंचे और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को समझा रहे हैं।

बिहार एमएलसी चुनाव 2026: जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने किया जीत का दावा
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी और जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा मतदान करने के बाद बाहर निकले। उन्होंने लोगों से मतदान की अपील की। अभिषेक झा ने कहा कि बिहार, खासकर तिरहुत में इस बार बदलाव होने वाला है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

कोसी स्नातक सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी
बिहार विधान परिषद के 06-कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी 14 जिलों की मतपेटियां पूर्णिया के जिला स्कूल स्थित वज्रगृह में सुरक्षित जमा कराई जाएंगी। इसके बाद 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। पूर्णिया जिले में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 14 प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कार्यालय वेश्म और तीन नगर निगम कार्यालय शामिल हैं। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है।

अमित शाह का लखनऊ दौरा: सहयोगियों की नाराजगी दूर करने की कवायद

बिहार एमएलसी चुनाव 2026: मुजफ्फरपुर में मतदान प्रक्रिया जारी
तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात हैं, जबकि प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट भी केंद्र पर मौजूद हैं। मतदान करने पहुंचे मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। प्रशासन की टीम पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 17 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने किया जीत का दावा
पटना स्नातक निर्वाचन के लिए मतदान करने के लिए जनता दल यूनाईटेड के उम्मीदवार नीरज कुमार मतदान के बाद विक्ट्री साइन दिखाई। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया। नीरज कुमार इस पूरे चुनाव में काफी चर्चा में रहे हैं। उनकी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह चुनाव के शुरुआत से ही उनका विरोध कर रहे हैं। अनंत सिंह जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार को समर्थन दिया है। बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 134 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पटना में 80, नालंदा में 37 और नवादा 17 मतदान केंद्र हैं।

बिहार एमएलसी चुनाव 2026: 933 मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आठों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 598 बूथ स्नातक और 335 बूथ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 124 सहायक मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सभी 335 केंद्र मूल मतदान केंद्र हैं। चार स्नातक सीटों पर करीब 4.85 लाख मतदाता हैं, जबकि चार शिक्षक सीटों पर करीब 45,660 मतदाता हैं। इस तरह आज कुल 532847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 386199 पुरुष और 146611 महिला हैं। स्नातक श्रेणी की सीटों के लिए कुल 492594 और शिक्षक श्रेणी की सीटों के लिए 40253 मतदाता हैं। इनमें 37 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

आठ सीटों पर अब तक कितनी वोटिंग, जानिए कहां पर सबसे अधिक और कम हुआ मतदान?
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में आज चुनाव है। आठ बजे से मतदान शुरू होगा। सारी तैयारी पूरी हो चुकी है। इस चुनाव में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। यह सामान्य विधानसभा चुनाव जैसा चुनाव नहीं है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में निर्धारित योग्यता वाले पंजीकृत स्नातक मतदाता और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पात्र शिक्षक मतदाता मतदान करते हैं। चार स्नातक सीटों पर करीब 4.85 लाख मतदाता हैं, जबकि चार शिक्षक सीटों पर करीब 45,660 मतदाता हैं। इस तरह शुक्रवार को कुल 532847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 386199 पुरुष और 146611 महिला हैं। स्नातक श्रेणी की सीटों के लिए कुल 492594 और शिक्षक श्रेणी की सीटों के लिए 40253 मतदाता हैं। इनमें 37 मंगलामुखी (थर्ड जेंडर) मतदाता हैं। कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

कब है शरद पूर्णिमा 2026: क्यों खास है यह तिथि, जानें मुहूर्त व चाँद निकलने का समय