रायपुर। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनों ने लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी अदिति दीदी ने कहा कि हर साल रावण का पुतला जलाया जाता है, लेकिन मनुष्य के भीतर मौजूद बुराइयों पर जीत हासिल किए बिना वास्तविक विजयादशमी का उद्देश्य पूरा नहीं होता। उन्होंने काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईर्ष्या, नफरत, घृणा, द्वेष और वैर को मन के दस विकार बताते हुए कहा कि अपनी कमजोरियों पर विजय पाना ही सच्ची विजय है।
अदिति दीदी ने ब्रह्माकुमारी संस्थान के दस कोटि नशामुक्ति जन प्रतिज्ञा महाअभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंधों और मानसिक शांति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवन अपनाने की अपील की। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी भावना दीदी ने उपस्थित लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम में विधायक पुरन्दर मिश्रा, डीआरएम दयानंद, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, सभापति सूर्यकांत राठौड़, स्थानीय पार्षद खगपति सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक मौजूद रहे।
