पंडरिया दशहरा उत्सव में शामिल हुईं विधायक भावना बोहरा, कहा- सत्य, धर्म और मर्यादा की जीत का प्रतीक है विजयादशमी

Follow Us

कवर्धा । पंडरिया विधायक भावना बोहरा विजयादशमी के अवसर पर पंडरिया के पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में शामिल हुईं। मां महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए आयोजन समिति एवं नगरवासियों की सराहना की। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता महिमा दास और गायक नवीन साहू ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्सव में हजारों की संख्या में नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासी शामिल हुए।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य, धर्म, सदाचार और मर्यादा की जीत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, मर्यादा और लोककल्याण की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श हमें सिखाते हैं कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें अपने सिद्धांतों और कर्तव्यों से विमुख नहीं होना चाहिए। यह पर्व अपने भीतर की बुराइयों को पहचानने, अहंकार का त्याग करने तथा समाज में प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन और उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का भी पर्व है। भगवान श्रीराम ने अपने आचरण से सिद्ध किया कि मर्यादा, न्याय और जनकल्याण ही आदर्श जीवन के आधार हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर परिवार, समाज और राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। हमारी सांस्कृतिक परंपराएं एकजुट रहने, एक-दूसरे का सम्मान करने और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।

० विकास और जनसेवा के लिए प्रतिबद्धता
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनके लिए जनसेवा का संकल्प है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का विस्तार हो रहा है, वनांचल क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के माध्यम से लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद सुशासन, जनहित और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। लक्ष्य है कि पंडरिया विधानसभा का प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े तथा क्षेत्र में सुविधाओं, समृद्धि और खुशहाली का विस्तार हो।

० नि:शुल्क सुविधाओं से शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा
भावना बोहरा ने क्षेत्र में संचालित जनसेवा से जुड़ी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नि:शुल्क बस सेवा से बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल रही है। लक्ष्य नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है। वहीं, ‘भावना दीदी की साइंस पाठशालाÓ के माध्यम से शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी ड्रोन, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक से जुड़ी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आठ नि:शुल्क एंबुलेंस के माध्यम से जरूरतमंदों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के जरिए लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मिल रही है। विधायक ने कहा कि ये सेवाएं क्षेत्रवासियों के विश्वास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंडरिया विधानसभा के विकास और जनता की सेवा के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।