बीजापुर। नवरात्रि के अवसर पर बीजापुर जिले में माँ बथुकम्मा उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। विधायक विक्रम मंडावी ने अपने चार दिवसीय भोपालपटनम और उसूर क्षेत्र के दौरे के दौरान 341 से अधिक बथुकम्मा पूजा स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और स्थानीय समुदाय के साथ उत्सव में भाग लिया।
बथुकम्मा उत्सव में महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में सजकर गुनुगु, तंगेडु और चमंती जैसे रंग-बिरंगे फूलों से माँ बथुकम्मा की आकर्षक आकृतियां तैयार करती हैं। इसके बाद लोकगीतों और तालियों की थाप पर सामूहिक नृत्य किया जाता है। उत्सव में ग्रामीणों की भागीदारी से गांवों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इस अवसर पर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि माँ बथुकम्मा उत्सव हमारी संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
उत्सव के दौरान महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फूलों से सजी बथुकम्मा का जलाशयों में विसर्जन इस पर्व की प्रमुख परंपरा है। भोपालपटनम क्षेत्र के कई गांवों में देर रात तक लोकगीत और नृत्य के कार्यक्रम चलते रहे। बीजापुर में बथुकम्मा उत्सव तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव का उदाहरण बन रहा है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
