मुंगेली। नवरात्रि के दौरान मुंगेली पुलिस ने गरबा महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दुर्गा पंडालों में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में ‘पहल—बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ संकल्प’ अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने और डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई।
17 और 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात पथरिया में आयोजित गरबा महोत्सव और गायिका छाया चंद्राकर के कार्यक्रम में पुलिस टीम ने गोरिल्ला और पांडा की वेशभूषा के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। लोगों को अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी साझा नहीं करने और संदिग्ध कॉल व संदेशों से सावधान रहने की समझाइश दी गई। इसके अलावा मुंगेली के रामगढ़ स्थित दुर्गा पंडाल, रेस्ट हाउस मैदान के दुर्गा पूजा कार्यक्रम और शक्ति माई मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी जागरूक किया गया। अभियान में उप निरीक्षक सीमा, सहायक उप निरीक्षक मधुकर रात्रे और बबीता श्रीवास सहित पुलिस टीम ने भाग लिया। पुलिस का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाकर साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूत करना है।
