रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 अक्टूबर तक आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर दो अनिवार्य पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे। इसमें राजपत्रित और अराजपत्रित दोनों श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं।
अक्टूबर माह के लिए निर्धारित पाठ्यक्रमों में ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट- मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ शामिल हैं। मिशन कर्मयोगी के तहत संचालित इन कोर्स का उद्देश्य शासकीय सेवकों की कार्यक्षमता बढ़ाना, कार्य-संस्कृति में सुधार करना और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का कोर्स अधूरा नहीं रहना चाहिए। विभाग प्रमुखों और कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कोर्स पूरे होने की प्रगति रिपोर्ट 3 नवंबर तक ई-मेल के माध्यम से भेजनी होगी। विभाग के मुताबिक, इन पाठ्यक्रमों की पूर्णता आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर राज्य के प्रदर्शन और रैंकिंग से भी जुड़ी हुई है।
