महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम मूड़ीडीह स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल परिसर में हादसे के दौरान चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में स्कूल के प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक (एलबी) को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र तरुण चौहान स्कूल परिसर में एक पेड़ पर साड़ी के टुकड़े से बनाए गए झूले पर झूल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगडऩे से वह झूले में फंस गया। साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी स्कूल की रसोइया और परिजनों को दी। बच्चे की मां मौके पर पहुंची और उसे झूले से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। रसोइया और सफाईकर्मी के अनुसार, बच्चे स्कूल समय से पहले परिसर में पहुंचकर खेलने लगते थे। हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रधानपाठक और सहायक शिक्षक निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर शासकीय प्राथमिक शाला मूड़ीडीह के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक (एलबी) गुणितराम चौधरी को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बसना निर्धारित किया गया है।
विस्तृत जांच जारी
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। जांच की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और उनकी निगरानी की व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
