कांकेर। शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार कर धमकी देने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 11 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम ईरादाह निवासी पंकज यादव (24) ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और वर्ष 2021 से जून 2026 तक कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और उसे धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 एवं 351(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह कांकेर के नए बस स्टैंड में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़कर थाने लाया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी पंकज यादव, पिता संतुराम यादव, निवासी ग्राम ईरादाह, थाना एवं जिला कांकेर को 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र साहू, सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वरी भगत, आरक्षक दयानंद कुंजाम, रोमेश दिवान, रुद्र जुर्री और महिला आरक्षक रशीदा बानो शामिल रहे।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
