रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक महिंद्रा कार से 85 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में 2 अंतर्राज्यीय सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 42.50 लाख और कार व 4 मोबाइल समेत कुल मशरूका की कीमत लगभग 58 लाख रुपए है।
पुलिस को 16 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग गांजा रखकर बिक्री की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के बताए वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा। कार में तीन व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान अनीश साहू, सूरज कलेत और राकेश साहू के रूप में हुई।
कार की डिक्की की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 85 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर रायपुर में किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के लिए लाए थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 544/26 धारा 20(B)(ii)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी –
1. अनीश साहू (36) निवासी जवाहर गंज, सागर, मध्य प्रदेश
2. राकेश साहू (31) निवासी मंडला मध्य प्रदेश, हाल फिंगेश्वर गरियाबंद
3. सूरज कलेत (34) निवासी सांकरा, महासमुंद
बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से गांजे के स्रोत, खरीदारों और तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। बरामद मोबाइल और कार के आधार पर अन्य संपर्कों को खंगाला जा रहा है।उल्लेखनीय है कि रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 92 प्रकरणों में कुल 204 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 करोड़ 09 लाख 98 हजार रुपए कीमत का मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है।
