रायपुर। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के मकान बनाने के नाम पर कथित रूप से राशि लेकर निर्माण कार्य नहीं कराने के मामले में कबीरधाम जिले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में बोड़ला विकासखंड के नौ बैगा हितग्राहियों से कुल 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी और गरीबों के हक की राशि के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में लापरवाही और हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत राजाढ़ार के पांच हितग्राहियों से 3 लाख 20 हजार रुपये लेने के मामले में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी आवास नहीं बनाए गए और राशि वापस नहीं की गई। वहीं, ग्राम पंचायत आमानारा के चार हितग्राहियों से 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में मामला दर्ज किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आवास के लिए स्वीकृत राशि का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी स्थिति में रियायत नहीं दी जाएगी।
