एअर इंडिया का बड़ा फैसला, 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब की सभी उड़ानें रद्द; रियाद-जेद्दा जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

Follow Us

नई दिल्ली। सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात के बीच एअर इंडिया ने 20 अक्टूबर तक सऊदी अरब के लिए आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयरलाइन ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। इस फैसले से रियाद, दम्माम और जेद्दा जाने वाले तथा वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रभावित यात्रियों को मिलेगा पूरा रिफंड
एअर इंडिया ने कहा है कि रद्द की गई उड़ानों से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है। एयरलाइन स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा हालात का आकलन करने के बाद उड़ान संचालन दोबारा शुरू करने पर फैसला लेगी। कंपनी के मुताबिक, यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सऊदी अरब में भारतीयों के लिए दूतावास की एडवाइजरी
इससे पहले सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल समय में सऊदी अरब की जनता और नेतृत्व के साथ खड़ा है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।राजदूत ने बताया कि हमले में जान गंवाने वाले भारतीय के परिवार से अधिकारी संपर्क में हैं। इसके अलावा, घायल हुए 11 अन्य भारतीयों की सहायता के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिवारों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। एडवाइजरी में हवाई हमले की स्थिति में खुले में रहने से बचने और घर या किसी सुरक्षित इमारत के भीतर रहने की सलाह दी गई है।एअर इंडिया की उड़ानें रद्द होने से सऊदी अरब जाने और वहां से भारत लौटने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति और एयरलाइन की ओर से जारी ताजा अपडेट जरूर जांच लें।