०दोनों सिद्धपीठों में प्रज्वलित होंगे अखंड दीप, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने लिया तैयारियों का जायजा
रामानुजगंज । शारदीय नवरात्र को लेकर नगर के सिद्धपीठ मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रमुख देवी स्थानों में शामिल इन दोनों मंदिरों में नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए मंदिर परिसरों की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
नवरात्र के दौरान दोनों मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ अखंड दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसरों के साथ ही वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महामाया मंदिर में तैयारियां पूरी
पीठ मां महामाया मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडे ने बताया कि शारदीय नवरात्र को लेकर मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना होगी और अखंड दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
पहाड़ी मंदिर में भी विशेष व्यवस्था
पहाड़ी मंदिर के पुजारी पवन पांडे ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई और सजावट कराई गई है। इसके साथ ही पहाड़ी मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग की भी साफ-सफाई कराई गई है, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
नगर पालिका अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने मां महामाया मंदिर और पहाड़ी मंदिर पहुंचकर नवरात्र के दौरान उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों प्रमुख देवी स्थानों के आसपास साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। नगर पालिका द्वारा दोनों मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई गई है, ताकि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।शारदीय नवरात्र के दौरान दोनों मंदिरों में भक्तिमय माहौल रहेगा। श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करेंगे। नवरात्र को लेकर रामानुजगंज नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल है।
