रायपुर । राजधानी में साइबर ठगी, चोरी, अवैध शराब, चाकूबाजी और नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किए हैं। गुजियारी में एक महिला के पति के मोबाइल पर भेजे गए लिंक के जरिए बैंक खाते से 5.44 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं, उरला और मोवा में कंपनियों में काम के दौरान हुए हादसों में दो श्रमिकों की मौत के मामलों में अपराध दर्ज किया गया है।
० लिंक क्लिक करते ही खाते से निकले 5.44 लाख
गुढिय़ारी थाना क्षेत्र के एकता नगर निवासी शोभा शत्रुला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला के पति के मोबाइल पर एक लिंक भेजा था। लिंक पर क्लिक करने के बाद भारतीय स्टेट बैंक के खाते से ऑनलाइन कुल 5 लाख 44 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने 8 अक्टूबर को मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
० एक्टिवा के सामने बैग से लैपटॉप चोरी
गुढिय़ारी थाना क्षेत्र में पड़ाव रेलवे अंडरब्रिज के पास चोरी की घटना सामने आई है। शिकायतकर्ता कोमल निर्मलकर के मुताबिक, उनकी एक्टिवा के सामने रखे बैग से अज्ञात चोर 50 हजार रुपये कीमत का एक लैपटॉप चुराकर ले गया। पुलिस ने 8 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया।
० उरला में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
उरला के जोहरी फैब्रिकेशन, मेटल पार्क रोड स्थित कंपनी में छत की सफाई के दौरान 40 वर्षीय विजय वर्मा हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए थे। भानसोज, आरंग निवासी विजय वर्मा को उपचार के लिए कालड़ा बर्न अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कंपनी प्रबंधन पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप है। मर्ग जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 और 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
० मोवा में सीमेंट की सीट टूटने से मजदूर की मौत
मोवा के एग्री फ्लेक्स परिसर में सीमेंट की सीट की मरम्मत का काम करते समय 43 वर्षीय ओमकार पाल गंभीर हादसे का शिकार हो गए। चरौदा, आरंग निवासी ओमकार पाल के काम के दौरान सीट टूट गई और वे नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद कंपनी के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
० अवैध शराब और चाकू के साथ तीन गिरफ्तार
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर की रात मेडिसाइन अस्पताल के आगे गुप्ता किराना दुकान के पास से मुकेश साहू के कब्जे से 35 पाव देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत 3,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की। वहीं, देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के समलेश्वरी नगर स्थित आदर्श कला महाविद्यालय के पास आकाश चौहान को कथित तौर पर अवैध चाकू लेकर लोगों को डराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के गेट के अंदर से उदय सूर्याकर को भी अवैध चाकू के साथ पकड़ा गया। दोनों मामलों में आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।
० खम्हारडीह में 1.40 लाख की एमडीएमए ड्रग्स जब्त
खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14.73 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स जब्त की। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इन मामलों में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साइबर ठगी के मामले में लोगों से अपील है कि अनजान लिंक पर क्लिक करने और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।
