भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का किये श्रवण , ग्राम शंकरदाह में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ में शामिल हुईं रंजना साहू

Follow Us

० भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में प्रेम, करुणा, वात्सल्य, सरलता और धर्म के अनेक संदेश समाहित हैं : रंजना साहू

धमतरी । ग्राम शंकरदाह में गंजीर परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी पूर्व विधायक श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कथा व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक पंडित मनोज दुबे जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया तथा व्यासपीठ एवं पंडित जी का आशीर्वाद प्राप्त किए। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती अनिता मुकेश यादव एवं महिला मोर्चा महामंत्री प्रियंका सिन्हा भी उपस्थित रहीं। कथावाचक आचार्य पंडित मनोज दुबे जी ने आनंदकंद भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, उनकी नटखट छवियों और भक्तों के प्रति उनके प्रेम का प्रसंग जब कथा वाचक ने अपने मुखारबिंद से सुनाया तो श्रोतादीर्घा भक्तिभाव और आनंद से सराबोर हो उठें।

श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी लीलाओं से जुड़े आध्यात्मिक संदेशों को आत्मसात किया। इस अवसर पर श्रीमती रंजना डीपेन्द्र साहू ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, भक्ति और सदाचार की दिशा देने वाला आध्यात्मिक माध्यम है, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में प्रेम, करुणा, वात्सल्य, सरलता और धर्म के अनेक संदेश समाहित हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने अशोक साहू के समस्त गंजीर परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों को श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा व्यासपीठ एवं कथा वाचक पंडित मनोज दुबे जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता मुकेश यादव ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा हमारी सनातन संस्कृति और जीवन मूल्यों का महत्वपूर्ण आधार है, कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों को सुनना और उनसे प्रेरणा लेना प्रत्येक व्यक्ति के लिए कल्याणकारी है।

धार्मिक आयोजनों से परिवार और समाज में संस्कारों का संचार होता है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुडऩे का अवसर मिलता है। भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री प्रियंका सिन्हा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं हमें जीवन में सहजता, प्रेम और भक्ति का संदेश देती हैं, श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मन को शांति प्रदान करने के साथ ही व्यक्ति को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ग्राम शंकरदाह में आयोजित यह ज्ञान यज्ञ निश्चित रूप से श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा का केंद्र है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणजनों ने कथा का श्रवण कर व्यासपीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।