एथेंस। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना ‘पूर्ण नियंत्रण खो दिया है’। उन्होंने तर्क दिया कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से तेल का प्रवाह संघर्ष शुरू होने से पहले के स्तर के करीब पहुंच गया है।
रुबियो ने ग्रीस की राजधानी एथेंस की अपनी यात्रा के दौरान संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य खुला हुआ है। अब यहां से लगभग उतना ही तेल का प्रवाह जारी है जितना इस संघर्ष के शुरू होने से पहले निकलता था। इस तरह वे जलडमरूमध्य पर पूरी तरह से अपना नियंत्रण गंवा चुके हैं।”
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए कड़े आर्थिक प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था को “पूर्ण और पूरी तरह से भारी गिरावट” में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि देश एक असाधारण रूप से गंभीर आर्थिक स्थिति की ओर बढ़ रहा है। रुबियो ने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ समझौता करने के कई अवसरों का लाभ उठाने में विफल रहा है।
हमने भारत को मैच में वापसी करने का मौका दिया, सुनिश्चित करना होगा कि हम लगातार विकेट न गंवाए : होप
रुबियो ने अमेरिका के रुख को स्पष्ट करते हुए दोहराया कि वह ईरान के साथ किसी भी ऐसे समझौते पर जोर देना जारी रखेगा जो उसे परमाणु हथियार हासिल करने से पूरी तरह रोके।
उन्होंने दोटूक कहा, “ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता, यह बिल्कुल सीधा और स्पष्ट है। अमेरिका के लिए स्वीकार्य कोई भी समझौता ऐसा ही होना चाहिए जो यह सुनिश्चित करे कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके।”
