सुरेंद्रनगर। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले से मानवता और कानून-व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक भयावह घटना सामने आई है। अपने पति को छोड़कर दूसरे पुरुष के साथ रहने गई एक शादीशुदा महिला को उसके पति और ग्रामीणों ने पकड़कर ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर ऐसी बर्बर यातनाएं दीं, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। आरोपियों ने महिला को पेड़ से बांधकर पीटा और फिर जिस व्यक्ति के साथ वह गई थी, उसी के साथ सबके सामने जबरन यौन संबंध बनाने पर मजबूर किया। आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो महिलाओं समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में कैद करने के बाद दोबारा भागी, तो ढूंढकर लाए आरोपी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने पति को छोड़कर किसी अन्य पुरुष के साथ रहने चली गई थी। इससे नाराज पति और उसके परिवार के सदस्यों ने कुछ दिन पहले उसे पकड़ लिया था और घर के एक कमरे में बंद कर दिया था। महिला किसी तरह मौका पाकर वहां से दोबारा भाग निकली और फिर से उसी पुरुष के पास पहुंच गई। इसके बाद पति और उसके कुछ परिचित दोनों की तलाश में जुट गए और आखिरकार उन्हें ढूंढकर जबरन पकड़ लाए।
पेड़ से बांधकर पिटाई, फिर दरिंदगी का बनाया वीडियो
आरोप है कि महिला को सुरेंद्रनगर लाकर तथाकथित सामाजिक मर्यादा और ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर अमानवीय व्यवहार का शिकार बनाया गया। उसे रस्सी से एक पेड़ से बांध दिया गया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इसके बाद भीड़ ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए उस पुरुष को महिला के साथ सरेआम जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। बेबस पीड़िता की चीख-पुकार के बीच आरोपी इस पूरी घटना का हंसते हुए वीडियो बनाते रहे और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, 9 आरोपी सलाखों के पीछे
जैसे ही यह शर्मनाक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैलने लगा, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरेंद्रनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रेमसुख डेलू ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए तुरंत पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता को सुरक्षित तलाश कर उसका बयान दर्ज कराया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर दबिश देकर मामले में संलिप्त 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस घृणित अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की गहन कानूनी जांच जारी है।
