दिलजीत दोसांझ के ऑरा टूर का शेड्यूल जारी, देश के 7 शहरों में लगाएंगे म्यूजिक का तड़का

Follow Us

मुंबई। पंजाबी म्यूजिक स्टार दिलजीत दोसांझ भारत में अपने नए कॉन्सर्ट टूर के साथ फैंस के बीच पहुंचने की तैयारी में हैं। उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए अब तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। नवंबर और दिसंबर के दौरान दिलजीत देश के सात शहरों में लाइव परफॉर्मेंस देंगे। इस टूर को लेकर उत्साह उस समय और बढ़ गया था, जब सिंगर ने लंदन के वेम्बली में अपने कार्यक्रम के दौरान भारत में कॉन्सर्ट की घोषणा की थी।

टूर का पहला शो 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में होगा। इसके बाद 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे। अहमदाबाद का शो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। चंडीगढ़ भी टूर में शामिल है, हालांकि वहां कार्यक्रम की तारीख और अन्य विवरण फिलहाल सामने नहीं आए हैं और इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

टिकटों की बुकिंग बुकमायशो के माध्यम से की जाएगी। चुनिंदा प्रशंसकों के लिए टिकट की लिमिटेड प्री-सेल 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होने की जानकारी दी गई है। देश और विदेश में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय दिलजीत ने भारत में दोबारा परफॉर्म करने को लेकर खुशी जताई है। उनका कहना है कि अपने देश में लाइव शो करने का अनुभव खास होता है और इस टूर के जरिए उन्हें अलग-अलग शहरों में अपने दर्शकों से मिलने का मौका मिलेगा। अब फैंस की नजरें टिकट बिक्री और चंडीगढ़ शो की तारीख पर टिकी हैं।